बुलंदशहर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन में बुलंदशहर जनपद का राजनीतिक कद बढ़ा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा घोषित नई प्रदेश कार्यकारिणी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के करीबी माने जाने वाले युवा नेता अंकुर शर्मा को प्रदेश मंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई टीम में जनपद बुलंदशहर से केवल अंकुर शर्मा को ही स्थान मिला है, जिससे जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है।अंकुर शर्मा का परिवार लंबे समय से राष्ट्रवादी विचारधारा और जनसंघ-भाजपा संगठन से जुड़ा रहा है। उनके दादा स्वर्गीय पंडित भगवती प्रसाद शर्मा जहांगीराबाद क्षेत्र में पहले जनसंघ और बाद में भाजपा के सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ता रहे। सामाजिक और संगठनात्मक कार्यों में उनके योगदान के लिए उन्हें ताम्रपत्र से सम्मानित किया गया था। उनके नानाजी स्वर्गीय हरि प्रसाद शास्त्री स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे तथा बुलंदशहर में जिला पंचायत सदस्य के रूप में जनसेवा से जुड़े रहे। परिवार की इसी वैचारिक और सामाजिक विरासत का प्रभाव अंकुर शर्मा के सार्वजनिक जीवन में भी दिखाई देता है।
अंकुर शर्मा वर्ष 1995 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक बने। वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव के बाद उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाई। वर्ष 2014 से 2019 तक वह भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष के मीडिया इंचार्ज के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। संगठन में उनकी सक्रियता और लंबे अनुभव को देखते हुए प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।अंकुर शर्मा का पैतृक संबंध जहांगीराबाद क्षेत्र के गांव पूठा से है। उनके प्रदेश मंत्री बनाए जाने की घोषणा के बाद गांव सहित पूरे जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिठाई वितरित कर एक-दूसरे को बधाई दी। कई स्थानों पर आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया गया।प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की नई टीम में संगठनात्मक स्तर पर कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। जहां नए चेहरों को जिम्मेदारी देकर संगठन में नई ऊर्जा भरने का प्रयास किया गया है, वहीं कुछ पुराने नेताओं को इस बार स्थान नहीं मिल पाया। राजनीतिक जानकार इस फेरबदल को आगामी चुनावी रणनीति और संगठन विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण मान रहे हैं।भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान ने कहा कि अंकुर शर्मा के प्रदेश मंत्री बनने से जिले के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने कहा कि अंकुर शर्मा एक मेहनती, सक्रिय और संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ता हैं। उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता का लाभ प्रदेश संगठन के साथ-साथ बुलंदशहर जनपद को भी मिलेगा।
अंकुर शर्मा की नियुक्ति से जिले में भाजपा संगठन को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि प्रदेश स्तर पर जनपद के प्रतिनिधित्व से क्षेत्रीय मुद्दों को भी संगठन में प्रभावी ढंग से उठाने का अवसर मिलेगा।
जनसंघ और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी है पारिवारिक विरासतअंकुर शर्मा का परिवार वर्षों से राष्ट्रवादी विचारधारा और जनसंघ-भाजपा संगठन से जुड़ा रहा है। उनके दादा स्वर्गीय पंडित भगवती प्रसाद शर्मा जहांगीराबाद में जनसंघ और बाद में भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता रहे। वहीं उनके खुर्जा निवासी नानाजी स्वर्गीय हरि प्रसाद शास्त्री स्वतंत्रता संग्राम सेनानी होने के साथ-साथ जिला पंचायत सदस्य भी रहे। अंकुर शर्मा ने वर्ष 1995 में संघ के स्वयंसेवक के रूप में सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। वर्ष 2009 के बाद उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाई। वर्ष 2014 से 2019 तक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के मीडिया इंचार्ज के रूप में भी कार्य किया। पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि प्रदेश मंत्री पद पर उनकी नियुक्ति संगठन के प्रति लंबे समय से किए जा रहे समर्पित कार्यों का सम्मान है।