दादरी, गौतमबुद्धनगर | 24 जून 2026
नगर पालिका परिषद दादरी के सभागार में आज 'विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान' के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता पंडित ने की और कार्यक्रम का संचालन अधिशासी अधिकारी श्रीमती शालिनी गुप्ता की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
बैठक का मुख्य उद्देश्य मानसून के दौरान फैलने वाले संचारी रोगों की रोकथाम और जन-जागरूकता को प्रभावी बनाना था। इस अवसर पर सामूहिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) से आए डॉ. संजय कुमार ने उपस्थित सभी सदस्यों को मलेरिया, फाइलेरिया और अन्य संचारी रोगों के कारणों, लक्षणों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से 'दस्तक अभियान' के माध्यम से घर-घर जाकर रोगों के प्रति सतर्कता बरतने और स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता पंडित ने कहा कि स्वास्थ्य सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है और संचारी रोगों को रोकने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। अधिशासी अधिकारी श्रीमती शालिनी गुप्ता ने पालिका के स्वच्छता अभियान को और अधिक गति देने और जलभराव जैसी समस्याओं के निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर पालिका के सभासद गण संगीता रावल, कविता, आर.के. चौधरी, ज्ञान सिंह रावल, आदेश भाटी, नईम बैटरी, हारून, आरिफ, प्रमोद, मोहित विकल, सुमित भारती, हरीश भाटिया सहित पालिका के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।