आज़ का मुद्दा आशीष कुमार
बुलंदशहर: स्याना कोतवाली पुलिस ने मिशन शक्ति-5.0 अभियान के तहत संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक तीन वर्षीय गुमशुदा बच्चे और एक 18 वर्षीय लापता युवक को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
शनिवार को पुलिस टीम क्षेत्र में पैदल गश्त और भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान एक करीब तीन वर्षीय बच्चा रोता हुआ मिला। पुलिस ने तत्काल बच्चे को संरक्षण में लेकर उसकी पहचान और परिजनों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयास करते हुए मिशन शक्ति टीम ने महज तीन घंटे के भीतर बच्चे के परिजनों का पता लगाकर उसे सकुशल उनके हवाले कर दिया। इसी बीच परिजनों ने अपने 18 वर्षीय पुत्र के सुबह से लापता होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने युवक की तलाश शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सर्विलांस टीम की मदद से मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर युवक को भी सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
दोनों मामलों में बच्चों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली तथा स्याना पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।